लाल मिर्च वाली फ्राक
शहर का मेला अपने पूरे शोर और रंग में था। मीनाबाजार में तरह-तरह की रोशनियाँ थीं। कहीं खिलौनों की दुकानें, कहीं झूले, कहीं गुब्बारे और कहीं खाने-पीने की खुशबू।
हम पार्क की हरी घास पर परिवार के साथ बैठे मूंगफली खा रहे थे। सामने बने छोटे-से मंच पर शिशु मंदिर के बच्चे नृत्य कर रहे थे। बच्चों के चेहरे पर उत्साह था और उनके अभिभावकों की आँखों में गर्व।
मेरी चार साल की बिटिया मुग्धा भी हमारे पास बैठी थी। उसने अपनी मनपसंद सुंदर फ्राक पहन रखी थी। फ्राक पर बनी लाल मिर्च जैसी छोटी-सी डिजाइन उसे बहुत पसंद थी। वह बार-बार अपनी फ्राक देखती और फिर मंच पर नाचते बच्चों को।
हम मूंगफली छीलने और कार्यक्रम देखने में इतने व्यस्त थे कि पता ही नहीं चला कब मुग्धा हमारे पास से उठी। शायद संगीत ने उसे अपनी ओर खींच लिया था।
कुछ देर बाद मेरी नजर मंच पर गई तो मेरी साँस जैसे अटक गई।
वह मंच पर बच्चों के बीच नाच रही थी।
लाल मिर्च वाली फ्राक दूर से भी साफ दिखाई दे रही थी।
मैं मुस्कराया। उसकी माँ ने आश्चर्य से मेरी ओर देखा। हम दोनों कुछ कह पाते, उससे पहले नृत्य समाप्त हो गया। सभी बच्चे कतार बनाकर मंच के पीछे चले गए।
मैं मुग्धा को लेने तेजी से वहाँ पहुँचा। लेकिन वहाँ कोई नहीं था।न बच्चे।न मुग्धा। मैंने इधर-उधर देखा। एक-दो शिक्षकों से पूछा।
तभी गुरुजी मिले। मैंने घबराकर पूछा, “मुग्धा " कहाँ है? छोटी बच्ची है... लाल मिर्च वाली डिजाइन की फ्राक पहने थी।”
गुरुजी ने सहज भाव से कहा, “बच्चे तो देशभर के अलग-अलग स्कूलों से आए हैं। कार्यक्रम के बाद सब अपने ग्रुप के साथ चले गए।”
“लेकिन मेरी बेटी?”
उन्होंने मेरी बात जैसे सुनी ही नहीं।
“ये बच्चे सात दिन की ट्रिप पर हैं। अलग-अलग जगह घूमेंगे, फिर अपने-अपने स्कूल लौटेंगे।”
मेरे भीतर कुछ टूटने लगा।
“सात दिन? लेकिन मेरी बेटी तो...”
गुरुजी अब भी बहुत सामान्य थे। उन्होंने इधर-उधर की बातें शुरू कर दीं। जैसे किसी बच्चे का अचानक गायब हो जाना कोई बड़ी बात न हो।
मैं दौड़कर फिर मंच के पीछे गया।
वहाँ खाली कुर्सियाँ थीं।
कुछ कागज पड़े थे।
और फर्श पर एक छोटी-सी लाल रिबन।
मैंने उसे उठाया।
“मुग्धा!”
मेरी आवाज पूरे मैदान में गूँज गई।
लेकिन कहीं से कोई उत्तर नहीं आया।
मैं भागता हुआ मेले के हर कोने में उसे खोजने लगा। झूले, खिलौनों की दुकानें, खाने की दुकानें... हर जगह मुझे वही लाल मिर्च वाली फ्राक दिखाई देती।
हर बार मैं दौड़ता।
हर बार कोई दूसरा बच्चा निकलता।
मैं पसीने में भीग गया था।
अचानक किसी ने पीछे से कहा—
“पापा...”
मैंने पलटकर देखा।
मुग्धा खड़ी थी।
मैं उसे पकड़ने के लिए झपटा ही था कि वह धुंध में बदल गई।
मैं चीख पड़ा—
“मुग्धा!”
और उसी चीख के साथ मेरी आँख खुल गई।
मैं घबराकर बिस्तर पर उठ बैठा।
कमरे में अँधेरा था। पंखा अपनी गति से घूम रहा था। पास में मेरी पत्नी गहरी नींद में थी।
मेरी धड़कन बहुत तेज थी।
कुछ क्षण तक मैं समझ ही नहीं पाया कि मैं कहाँ हूँ।
फिर मैंने बगल में देखा।
मुग्धा चैन से सो रही थी।
उसके चेहरे पर वही मासूमियत थी। बाल माथे पर बिखरे हुए थे। उसकी साँसों की धीमी आवाज सुनाई दे रही थी।
मैंने काँपते हाथ से उसके सिर पर हाथ रखा।
वह नींद में थोड़ा-सा कुनमुनाई और फिर करवट लेकर मेरी ओर सिमट गई।
मैं देर तक उसे देखता रहा।
मेला, मंच, गुरुजी, लाल मिर्च वाली फ्राक और वह खाली मैदान धीरे-धीरे मेरी स्मृति से धुँधले होने लगे।
लेकिन एक बात मन में रह गई—
बच्चे हमारे साथ होते हुए भी कितनी जल्दी हमसे दूर हो सकते हैं।
और शायद इसी डर को पिता का मन कभी पूरी तरह सोने नहीं देता।
मैंने मुग्धा को धीरे से अपने सीने से लगा लिया।
बाहर कहीं दूर मेले की आवाज जैसी कोई हल्की-सी धुन सुनाई दी।
मैंने आँखें बंद कर लीं।
इस बार नींद आने तक अपनी बेटी का हाथ मैंने छोड़ा नहीं।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment